नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम अपने पांच देशों के व्यापक यूरोपीय दौरे के आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर इटली पहुंच गए. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा पीएम मोदी का इटली का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली पहुंचते ही प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. मेलोनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पीएम मोदी के साथ एक नई और बेहद खूबसूरत सेल्फी पोस्ट की. इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!” देखते ही देखते यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
पहले भी वायरल हो चुकी हैं मोदी-मेलोनी की तस्वीरें
यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की तस्वीरों ने इंटरनेट पर सुर्खियां बटोरी हों. इससे पहले साल 2023 में दुबई में हुए COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी की “Good friends at COP28” वाली सेल्फी काफी वायरल हुई थी. वहीं, साल 2024 में इटली के अपुलिया में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान “मेलोडी टीम की तरफ से हैलो” वीडियो ने भी दुनियाभर में चर्चा बटोरी थी.
होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने किया भव्य स्वागत
इटली में होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान उन्हें वाराणसी के घाटों को दर्शाती एक खास पेंटिंग भी भेंट की गई.
रणनीतिक और कूटनीतिक लिहाज से बेहद खास है दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह इटली दौरा रणनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है. इस दौरान पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से मुलाकात करेंगे. इसके साथ ही वे प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ भी संवाद करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन यानी एफएओ के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे. इस दौरान भारत वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएगा.
2023 के बाद दोनों नेताओं की यह 8वीं मुलाकात
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, साल 2023 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच यह आठवीं मुलाकात होगी. मार्च 2023 में मेलोनी की भारत यात्रा और जी-20 शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी ने दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दी थी.
अब इस दौरे के जरिए दोनों नेता “संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29” के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे. साथ ही रक्षा सहयोग, आतंकवाद की फंडिंग रोकने और नए क्षेत्रों में साझेदारी के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा.
भारत-इटली व्यापार 1.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा
यूरोपीय संघ में इटली इस समय भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बन चुका है. साल 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 14.25 बिलियन यूरो यानी करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. अब दोनों देशों ने साल 2029 तक इसे बढ़ाकर 20 बिलियन यूरो करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है.
भारत में बढ़ा इटली का निवेश, टाटा-इवेको डील से बढ़ा भरोसा
इटली की कंपनियों ने भारत में 3.66 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है. वहीं, टाटा मोटर्स द्वारा इटली के इवेको ग्रुप का अधिग्रहण किए जाने के बाद भारतीय कंपनियों का यूरोप में आत्मविश्वास भी बढ़ा है.
रक्षा, एआई और ग्रीन एनर्जी पर बढ़ेगा सहयोग
भारत और इटली अब रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन की संभावनाओं पर भी काम कर रहे हैं. हाल ही में इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने भी भारत का दौरा किया था. इसके अलावा क्वांटम टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में “सहयोग कार्यक्रम 2025-27” के तहत कई संयुक्त परियोजनाओं पर मुहर लगने की संभावना है.
इटली में इस समय करीब 1.87 लाख से 2.5 लाख भारतीय रहते हैं. यह यूरोपीय संघ में सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय माना जाता है. “माइग्रेशन एंड मोबिलिटी एग्रीमेंट” के जरिए दोनों देशों के नागरिकों और छात्रों के लिए आवाजाही और आसान बनाई जा रही है. फिलहाल इटली में 5100 से ज्यादा भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं.
आईएसए और आईएमईईसी में भी इटली निभा रहा अहम भूमिका
इटली अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन यानी आईएसए और भारत के नेतृत्व वाले मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी आईएमईईसी में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है. ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा वैश्विक चुनौतियों पर भारत और इटली के बीच तालमेल को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है.
