नई दिल्ली:– आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग देर रात तक जागकर काम करते हैं. ऐसे में फिर वे डिनर भी लेट ही करते हैं. अधिरतर लोग रात को 9 बजे या उसके बाद ही खाना खा पाते हैं. ऑफिस से देर से लौटना, ट्रैफिक या मोबाइल पर व्यस्त रहना ये सब कारण हमारी खाने की टाइमिंग को बिगाड़ देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि देर से डिनर करने की यह आदत धीरे-धीरे हमारे स्वास्थ्य पर बुरा असर डालती है? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं रोज 9 बजे के बाद डिनर करने से आपकी बॉडी पर कैसा असप पड़ता है. साथ ही जानेंगे डिनर करने का सही टाइम क्या है.
क्या कहती हैं डायटिशियन?
इसे लेकर बातचीत के दौरान कैलाश हॉस्पिटल नोएडा में सीनियर डायटिशियन स्मिता जायसवाल ने बताया, हमारे शरीर के अंदर एक प्राकृतिक जैविक घड़ी होती है, जिसे ‘सर्केडियन रिद्म’ कहा जाता है. यह हमारे शरीर को बताती है कि कब खाना खाना है, कब सोना है और कब शरीर को आराम चाहिए. शाम के बाद शरीर का पाचन तंत्र धीरे-धीरे धीमा पड़ने लगता है. ऐसे में अगर हम 9 बजे या उससे बाद खाना खाते हैं, तो पाचन सही तरह से नहीं हो पाता. नतीजन व्यक्ति को गैस, एसिडिटी, पेट भारी लगना और नींद न आना जैसी समस्याएं घेर लेती हैं.
डायटिशियन आगे बताती हैं, देर से डिनर करने से वजन बढ़ना भी आम बात है. सोने से पहले शरीर को खाना पचाने का समय नहीं मिलता, जिससे कैलोरीज फैट के रूप में जमा हो जाती हैं. यही वजह है कि देर से खाने वाले लोगों में मोटापा, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का खतरा ज्यादा होता है. साथ ही, नींद की गुणवत्ता पर भी असर पड़ता है और सुबह उठने पर थकान महसूस होती है
