नई दिल्ली:- लखनऊ में छठ महापर्व पर रविवार को गोमती नदी के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गोमती तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे।
व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गोमती नदी के किनारे पहुंचकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की।
इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय भी मौजूद रहे।
योगी ने भोजपुरी में दीं छठ महापर्व की शुभकामनाएं
सीएम ने भोजपुरी भाषा में श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे। यह पर्व प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति आभार जताने का अवसर है। साथ ही यह श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन का संदेश भी देता है।
हर बेटी को सुरक्षा और परिवार में खुशहाली की कामना
सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जहां हर व्यक्ति अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार त्योहार मना सकता है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर बेटी को सुरक्षा मिले, हर परिवार में खुशहाली आए और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।
