नई दिल्ली:-:इस वर्ष दिवाली के दौरान हुई आतिशबाजी, वाहनों से निकलने वाले धुएं और मौसम में बदलाव का असर पुणे की हवा पर दिखाई दिया। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 6 से 11 नवंबर के बीच पुणे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले पांच वर्षों की इसी अवधि के मुकाबले सबसे ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया। 9 नवंबर को शहर का औसत AQI बढ़कर 292 से 321 तक पहुंच गया, जबकि कुछ उपनगरीय इलाकों में यह 400 से 500 के पार दर्ज किया गया।
दिवाली के बाद अचानक बढ़ा प्रदूषण
आंकड़ों के अनुसार, 6 से 8 नवंबर के बीच पुणे का AQI 155 से 168 के आसपास रहा। यह ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। लेकिन लक्ष्मी पूजन और उसके बाद 9 नवंबर को आतिशबाजी के कारण प्रदूषण में तेज उछाल दर्ज किया गया। इस दौरान शहर का औसत AQI 292 से 321 तक पहुंच गया।
10 और 11 नवंबर को भी हवा की गुणवत्ता में खास सुधार नहीं हुआ। हवा में धुआं और सूक्ष्म कण (PM2.5) बने रहने के कारण AQI 229 से 281 के बीच रहा। इस स्तर को ‘खराब’ श्रेणी में रखा जाता है।
