छत्तीसगढ़ :– टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “विश्वविजेता भारत हमारा! शाबाश टीम इंडिया! 140 करोड़ भारतीयों को आप पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर विश्व कप जीतकर हर भारतवासी को गौरवान्वित किया है। इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है। मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारत का तिरंगा यूं ही विश्व मंच पर शान से लहराता रहे।
डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “विश्व विजेता भारत!” उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। यह ऐतिहासिक जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की आन-बान-शान और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप तीसरी बार जीतकर भारतीय टीम ने देश का परचम पूरी दुनिया में लहराया है। ओपी चौधरी ने संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की शानदार पारियों के साथ-साथ बुमराह और अक्षर पटेल की बेहतरीन गेंदबाजी की भी सराहना की।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि “इंडिया-इंडिया… हर तरफ एक ही शोर! एक बार फिर भारत बना विश्व विजेता।” उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में तीसरी बार विश्व विजेता बनने पर सभी देशवासियों को बधाई। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाड़ियों और पूरे स्टाफ को सलाम करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के दम पर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की है।
टीम इंडिया की इस जीत से पूरे देश में खुशी की लहर है और लोग जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
