मध्य प्रदेश:- यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. इसके लिए बनाई गई कमेटी ने कानून का लगभग 90% ड्राफ्ट तैयार कर लिया है. इस ड्राफ्ट को तैयार करने के लिए बड़े पैमाने पर लोगों से राय ली गई, जिससे हैरान करने वाले और सकारात्मक नतीजे सामने आए. राज्य के करीब 9.5 लाख लोगों ने अपने सुझाव दिए, जिनमें से रिकॉर्ड 8.9 लाख लोगों ने UCC का समर्थन किया. वहीं, इसके विरोध में केवल 60,000 सुझाव ही दर्ज किए गए.
71% मुस्लिम महिलाओं ने भी पक्ष में दी राय
समिति के अनुसार 71 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने भी UCC के लिए अपना समर्थन जताया है. अंतिम ड्राफ्ट में अलग-अलग विभागों, आयोगों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक नेताओं के सुझावों को शामिल किया जाएगा. यह रिपोर्ट दो हिस्सों में तैयार की जाएगी, जिसमें सिफारिशें और लोगों के सुझावों का विस्तृत विवरण होगा.
2 जुलाई को सरकार को मिलेगी रिपोर्ट
समिति 2 जुलाई तक सरकार को यह अंतिम ड्राफ्ट सौंपने की तैयारी कर रही है. सौंपी जाने वाली रिपोर्ट मुख्य रूप से दो हिस्सों में बंटी होगी. पहले हिस्से में समिति की अहम और कानूनी सिफारिशें होंगी, जबकि दूसरे हिस्से में उन सभी सुझावों और विचारों की विस्तृत रिपोर्ट होगी जो जनता के साथ हुई बातचीत की बैठकों में सामने आए थे.
90% ड्राफ्ट तैयार
फिलहाल ड्राफ़्ट का 90% हिस्सा तैयार हो चुका है. बाकी 10% पर काम चल रहा है. इस दौरान राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों, आयोगों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक नेताओं से मिले अहम सुझावों को अंतिम रूप देकर ड्राफ्ट में शामिल किया जा रहा है.
भोपाल में हुई थी अहम बैठक
बता दें कि 22 जून को भोपाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर UCC ड्राफ्टिंग कमेटी की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें अलग-अलग विभागों के अधिकारी, आयोगों के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के सदस्य, धार्मिक नेता और विशेषज्ञ शामिल हुए थे. इस दौरान सभी से सुझाव मांगा गया था.
