नई दिल्ली:– देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद बस समेत कई वाहनों में आग लग गई और मौके पर आग की ऊंची लपटें उठती नजर आईं। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों के शव मिलने की सूचना है, हालांकि हरिद्वार पुलिस ने फिलहाल एक महिला की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे के चलते फ्लाईओवर के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा हरिद्वार–देहरादून हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार (8 मार्च) रात को तेज रफ्तार में चल रहे चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में तुरंत आग लग गई और फ्लाईओवर पर चीख-पुकार मच गई।
फ्लाईओवर पर बनी भगदड़ जैसी स्थिति
आग लगने के बाद फ्लाईओवर पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और सड़क पर लंबा जाम लगने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण रायवाला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकीं, हालांकि हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
हरिद्वार के सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है और आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग की चपेट में आकर उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
कार का सीएनजी सिलेंडर फटा
घटना के बाद मौके पर करीब 15 एंबुलेंस पहुंचीं और करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। वहीं बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में एक ट्रक, एक एसयूवी कार, एक डंपर और एक बस के बीच टक्कर हुई। टक्कर के बाद कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी एक महिला की मौत की पुष्टि की है। वहीं कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
