छत्तीसगढ़:- शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में बच्चों के प्रवेश की तैयारी शुरू हो गई है. नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से शुरू होंगे और अभिभावक 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के बाद बच्चों के दस्तावेज और पात्रता की जांच की जाएगी. इसके बाद पात्र बच्चों के नाम राज्य स्तर पर जिलावार लॉटरी में शामिल किए जाएंगे. यानी अभिभावकों को आवेदन से लेकर स्कूल मिलने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी करनी होगी. विभाग ने इसके लिए पूरा कैलेंडर जारी कर दिया है.
RTE प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्कूलों से जुड़ी तैयारियां नवंबर में पूरी की जाएंगी. लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी कलेक्टरों, संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम भेज दिया है. इसके मुताबिक 2 से 25 नवंबर 2026 तक निजी स्कूल अपनी प्रोफाइल अपडेट कर सकेंगे. इस दौरान नए स्कूलों का रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा. इसके बाद 2 से 28 नवंबर तक नोडल प्राचार्य और जिला शिक्षा अधिकारी स्कूल की प्रोफाइल, उपलब्ध सीटों और दूसरी जरूरी जानकारी का सत्यापन करेंगे. इसी आधार पर आगे की प्रवेश प्रक्रिया संचालित होगी.
लॉटरी से होगी चयन प्रक्रिया
अभिभावकों के लिए सबसे अहम तारीख दिसंबर की है. RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक किए जा सकेंगे. आवेदन के बाद संबंधित दस्तावेजों की जांच होगी और पात्र बच्चों की सूची तैयार की जाएगी. इसके बाद चयन की प्रक्रिया लॉटरी के जरिए होगी. राज्य स्तर से जिलावार लॉटरी 11 और 12 जनवरी 2027 को निकाली जाएगी. जिन बच्चों का चयन होगा, उन्हें तय प्रक्रिया के अनुसार संबंधित निजी स्कूलों में प्रवेश दिया
जाएगा. अभिभावकों को आवेदन करते समय दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी सही तरीके से भरने पर ध्यान देना होगा.
अभिभावकों के लिए फायदा
इस बार RTE प्रवेश का कैलेंडर राज्य में बदले गए शिक्षा सत्र के हिसाब से तैयार किया गया है. छत्तीसगढ़ में अब शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा. ऐसे में निजी स्कूलों में RTE के तहत होने वाले दाखिले की प्रक्रिया भी इसी व्यवस्था के अनुरूप आगे बढ़ेगी. अभिभावक नवंबर में स्कूलों की जानकारी और सीटों की स्थिति से जुड़ी तैयारियों पर नजर रख सकते हैं. दिसंबर में आवेदन का मौका मिलेगा और जनवरी में लॉटरी के जरिए बच्चों का चयन होगा. इसलिए सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखना अभिभावकों के लिए फायदेमंद रहेगा.
अभिभावक इन तारीखों को रखें याद
- स्कूल प्रोफाइल अपडेट और नए स्कूल रजिस्ट्रेशन: 2 से 25 नवंबर 2026
- स्कूल प्रोफाइल और सीटों का सत्यापन: 2 से 28 नवंबर 2026
- RTE प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन: 1 से 31 दिसंबर 2026
- जिलावार लॉटरी: 11 और 12 जनवरी 2027
