मध्य प्रदेश:- स्मार्ट गवर्नेंस की ओर एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव आज भोपाल में गूगल के परिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे. बैठक में AI आधारित डिजिटल बदलाव, स्मार्ट गवर्नेंस और तकनीक के जरिए प्रदेश के विकास को गति देने पर चर्चा होगी.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज राजधानी भोपाल में गूगल के परिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक करेंगे. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित इस बैठक का उद्देश्य प्रदेश में एआई आधारित डिजिटल बदलाव, स्मार्ट गवर्नेंस और तकनीक आधारित विकास को नई गति देना है.
बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया के पब्लिक सेक्टर निदेशक आशीष वाट्टल, एपीएसी क्षेत्र के स्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट्स निदेशक मदन ओबेरॉय समेत सिंगापुर से गूगल क्लाउड के वैश्विक प्रतिनिधि, हेल्थकेयर एआई विशेषज्ञ, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे.
नवाचार को बढ़ावा देने की पहल
इस बैठक में मध्य प्रदेश और Google के बीच एक दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी पर, साथ ही उन्नत क्लाउड तकनीकों और AI-आधारित समाधानों के उपयोग पर चर्चा की जाएगी. इसके अतिरिक्त विचार-विमर्श का मुख्य केंद्र डिजिटल शासन की प्रभावशीलता को बढ़ाना, सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच को सरल और बेहतर बनाना तथा तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना होगा.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
सिंहस्थ 2028 के लिए टेक्नोलॉजी-आधारित मैनेजमेंट, स्मार्ट भीड़ मैनेजमेंट, AI-संचालित स्मार्ट पुलिसिंग, डेटा-आधारित निगरानी और ज्यादा असरदार नागरिक सेवाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा, स्वास्थ्य क्षेत्र में AI-आधारित बीमारी की पहचान और डेटा-आधारित फैसले लेने वाले सिस्टम, कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए डिजिटल सेवाओं तक बेहतर पहुंचे और शिक्षा क्षेत्र में AI-आधारित शिक्षण और कौशल विकास पर भी विचार किया जाएगा. इस बैठक में AI कौशल विकास, AI उत्कृष्टता केंद्रों, स्टार्टअप इकोसिस्टम और पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्नत तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी. यह बैठक मध्य प्रदेश और Google के बीच दूरदर्शी तकनीकी साझेदारी को एक नई दिशा देने और अत्याधुनिक तकनीक से संचालित नवाचार तथा विकास के क्षेत्रों में राज्य को एक अग्रणी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होने वाली है.
