छत्तीसगढ़:- इस्पात संयंत्र (BSP) से जुड़े कथित लोहा-स्क्रैप चोरी मामले में अब जांच का दायरा बढ़ गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने केस की CBI जांच को मंजूरी दे दी है। राज्य शासन की ओर से 25 सितंबर 2026 को जारी राजपत्र में दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (CBI) को इस मामले की जांच के लिए सहमति दिए जाने का उल्लेख किया गया है। राज्य सरकार की अनुमति के बाद अपराध क्रमांक 277/2026 की जांच अब केंद्रीय जांच एजेंसी करेगी। यह मामला भिलाई क्षेत्र में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद होने के बाद सामने आया था।
250 टन स्क्रैप बरामद होने के बाद खुला मामला
पुलिस की कार्रवाई के दौरान अकलोरडीही खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स से करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद किया गया था। मौके से स्क्रैप के अलावा कई वाहन और मशीनें भी जब्त की गई थीं। इसके बाद पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 277/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने संजय सिंह को मामले का मास्टरमाइंड बताया। पुलिस के अनुसार, जांच में BSP से स्क्रैप बाहर निकालने, फ्लू डस्ट परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों में उसे लोड करने और बाद में उसे खपाने से जुड़ी जानकारी सामने आई।
रसमड़ा की कंपनी तक पहुंचा स्क्रैप कनेक्शन
पुलिस जांच में रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड में कथित चोरी के स्क्रैप की खपत से जुड़ी जानकारी भी सामने आई। इसी मामले में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें तीन आरोपी जमानत पर बाहर हैं, जबकि पांच आरोपियों को अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
विधायक रिकेश सेन ने कई जांच एजेंसियों की मांग की थी
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्क्रैप चोरी के मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के कई स्तरों पर पत्राचार किया था। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय, केंद्रीय इस्पात मंत्रालय, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की थी। विधायक ने CBI के अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED), आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से भी जांच कराने की मांग रखी थी।
अब राज्य शासन की ओर से राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद इस मामले में CBI जांच का रास्ता साफ हो गया है।
विधायक बोले- राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई
CBI जांच की अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक रिकेश सेन ने वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि BSP और राष्ट्रीय संपत्ति से जुड़े इस मामले में अब जांच का दायरा और बढ़ेगा। विधायक ने दावा किया कि लंबे समय से BSP को नुकसान पहुंचाने और राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी करने वालों पर अब कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग CBI जांच को लेकर सवाल उठा रहे थे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के बाद जवाब मिल गया है। अब CBI जांच के बाद इस पूरे मामले में सामने आए आरोपों, कथित स्क्रैप नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की केंद्रीय एजेंसी की जांच पर नजर रहेगी।
