छत्तीसगढ़:– रायपुर में शुरू हुए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले के पहले ही दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपए से अधिक की 55 नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। ये परियोजनाएं प्रदेश के 26 जिलों में शुरू की जाएंगी, जिनके माध्यम से 12,000 से अधिक किफायती और गुणवत्तापूर्ण मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।
एआई चैटबॉट और नए पोर्टल की भी शुरुआत
मंच से सीएम साय ने हाउसिंग बोर्ड के नए एआई चैटबॉट और डिजिटल पोर्टल को भी लॉन्च किया। यह प्रणाली उपभोक्ताओं को परियोजनाओं, बुकिंग, प्रक्रिया और लोकेशन की जानकारी घर बैठे आसानी से उपलब्ध कराएगी।
सरकार ने हाउसिंग बोर्ड को किया कर्ज़मुक्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रुपए के कर्ज का भुगतान कर संस्थान को कर्ज़मुक्त कर दिया है। इससे बोर्ड को नई रणनीतियों और प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज बोर्ड की टीम नवाचार के साथ बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख
सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में इस योजना के तहत 26 लाख लोगों को आवास की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को 32 हजार और बस्तर क्षेत्र में आत्मसमर्पित नक्सलियों व पीड़ित परिवारों को 15 हजार घर स्वीकृत किए गए हैं।
डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड की टीम की तारीफ की
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष मेला शुरू होते ही जिस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ी, इससे बोर्ड के प्रति बढ़े विश्वास का अंदाज़ लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन सड़कों पर भारी जाम तक लग गया।
वार्षिक 672 करोड़ का बिजनेस – ओपी चौधरी
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर बोर्ड को 790 करोड़ रुपए के कर्ज से मुक्त किया गया है। साथ ही, पिछले एक साल में हाउसिंग बोर्ड ने 672 करोड़ रुपए का बिजनेस किया है। सरकार द्वारा लैंड डायवर्सन और फ्री-होल्ड में दी गई रियायतों ने भी उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ पहुंचाया है।
सभी जिलों में नई परियोजनाओं का लक्ष्य
हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बोर्ड राज्य के सभी जिलों में आवास परियोजनाओं का विस्तार करेगा। अगले चरण में हर विधानसभा क्षेत्र में नई परियोजनाएं शुरू करने की योजना है।
25 नवंबर तक चलेगा राज्य स्तरीय मेला
बीटीआई ग्राउंड में आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवंबर तक जारी रहेगा। पहले ही दिन आवास बुकिंग और जानकारी लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। खम्हारडीह रोड और शंकर नगर टर्निंग के आसपास जाम की स्थिति बनी रही।
