छत्तीसगढ़:- विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र गुरुवार को आयोजित किया जा रहा है. जिसका सीधा प्रसारण होगा और इसमें केवल एक बैठक प्रस्तावित है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र गुरुवार को आयोजित हो रहा है. एक दिन के इस सत्र में एक ही बैठक आयोजित होगी. जिसके लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुधवार को पूरी हो चुकी हैं. वहीं बीजेपी विधायक दल की बैठक सत्र आयोजित होने से ठीक पहले गुरुवार को ही आयोजित होगी. महिला आरक्षण बिल को लेकर यह सत्र बुलाया गया है. जिसमें विष्णुदेव साय सरकार संकल्प पारित कर सकती है. इस दौरान महिलाओं के मुद्दे पर चर्चा होगी. छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा.
छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा. सबसे पहले सदन में जगेश्वर प्रसाद भगत और मोहसिना किदवई को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर संकल्प पारित करेंगे. महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण, परिसीमन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया जाने का यह संकल्प होगा. इसके बाद पूरे सत्र में एक ही बैठक प्रस्तावित है. जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होगी. दोनों दलों की तरफ से इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं.
500 महिलाओं बुलाया गया
छत्तीसगढ़ विधानसभा के एक दिन के विशेष सत्र में प्रदेशभर से 500 महिलाओं को भी बुलाया गया है. राज्य के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की 500 महिलाओं को बुलाया गया है. जिन्हें सत्र की कार्यवाही देखने का मौका मिलेगा. राज्य सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक को खास बनाने के लिए इन सभी महिलाओं को आमंत्रित किया है. जहां सभी सत्र में चर्चा देख सकेंगी. महिला आरक्षण को लेकर हो विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय स्तर पर भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. जहां सदन में अहम मुद्दो पर चर्चा होगी.
विशेष सत्र के माध्यम से बीजेपी और कांग्रेस महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगी. ऐसे में एक दिन के सत्र में ही सियासी घमासान होना भी तय माना जा रहा है. यही वजह है कि दोनों राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हैं.
