ग्वालियर। जिले के भितवार थाना क्षेत्र स्थित पार्वती नदी में दो सहेलियों का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नदी से बाहर निकलवाया। जिससे दोनों के हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
बता दें कि मृतिका भावना रावत और शिवानी प्रजापति 12 नवंबर की सुबह 5 बजे घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कहीं नहीं मिली। जिसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार पुलिस को सूचना मिली कि दो लड़कियों के शव वार्ड क्रमांक-15 शासकीय स्कूल के सामने पार्वती नदी में पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों के एक-एक हाथ आपस में बंधे मिले। वहीं एसडीओपी अभिनव कुमार बारंगे और थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या है या आत्महत्या, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।