नई दिल्ली:- विकास खंड अंतागढ़ के आमाबेड़ा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ा एक्शन लिया है. जगदलपुर एसीबी टीम ने दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को गिरफ्तार किया है. दोनों पर 90 हजार रुपये की बीमा राशि दिलावने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है. दोनों अधिकारियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. दोनों अधिकारियों पर फसल बीमा की राशि निकलवाने के एवज में कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत रिश्वत मांगने का आरोप है.।
किसान की बीमा राशि के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार आमाबेड़ा तहसील के आलानार निवासी सगाऊ राम कोमरा ने एंटी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ के खिलाफ शिकायत की. इसमें उन्होंने कहा कि उनकी नष्ट हुई फसल के बीमा केस को तैयार कर 90 हजार रुपये की बीमा राशि निकलवाने के एवज में कुल राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा गया था।
पीड़ित रिश्वत देने के बजाय दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था.
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई. इसके बाद आज बुधवार को टीम ने ट्रैप कार्रवाई की. इस दौरान दोनों ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को प्रार्थी से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12 के तहत केस दर्ज किया गया है.।
