रायपुर:- कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने धरना प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं और ईडी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सबका हिसाब लिया जाएगा.
कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की ईडी गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर में धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए. इस दौरान भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं और ईडी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, अब छेड़ दिए हो तो छोड़ेंगे नहीं. पिछली कांग्रेस की सरकार में हमने कोई बदला नहीं लिया था, किसी को परेशान नहीं किया, लेकिन अब सरकार आएगी तो सबका हिसाब होगा.
भूपेश बघेल ने कहा कि जब पिछली बार कांग्रेस की सरकार बनी थी, तो उन्होंने रमन सरकार के 15 साल के कार्यकाल के दौरान उठे मुद्दों को लेकर बदले की राजनीति नहीं की थी. लेकिन इस बार, हर किसी को जवाबदेह ठहराया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने भी यह तय किया है कि भ्रष्टाचार में शामिल बीजेपी नेताओं को बख्शा नहीं जाएगा. हम भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी बीजेपी नेता को नहीं छोड़ेंगे. हम एक-एक करके उनकी पहचान करेंगे और उन्हें जेल भेजेंगे.
‘सबका चिट्ठा हमारे पास है’
भूपेश बघेल ने बीजेपी नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि, सबका हिसाब होगा, सबका चिट्ठा हमारे पास है. लोकसभा चुनाव में कौन मंत्री होटल से पैसा पहुंचाया है, कौन गर्लफ्रेंड के लिए 3 करोड़ का बिल्डिंग बनाया है, कौन कहां वसूली कर रहा है सबका हिसाब है हमारे पास. ईडी के अधिकारी भी सुन लें, 2 साल बचा है जितना करना है कर लो, खूब माल ईडी के अधिकारियों ने भी बटोरा है यहां से, उनकी भी जांच कराएंगे, छोड़ेंगे नहीं.
कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन
बता दें कि रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक दबाव बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
बीजेपी ने किया पलटवार
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की चेतावनी देने के मामले में भाजपा ने पलटवार किया है. भाजपा नेता और अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता ने कहा विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस नेताओं का काम धमकी देना है. उन्होंने कहा कि हम डरने वाले नहीं ऐसी धमकी से. आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, अपने इसी रवैये और भ्रष्टाचार की वजह से भूपेश बघेल को जनता ने सरकार से खदेड़ा. वहीं कांग्रेस में विधायकों के परफॉर्मेंस पर संगठन की नजर रहने के मामले में केदार गुप्ता ने कहा कि, कांग्रेस ने सरकार में रहते सिर्फ लूट-खसोट किया, अभी भी वहां यही सब चल रहा है, संगठन नजर रख के ही क्या कर लेगी.
