नई दिल्ली:- टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 17 खत्म होने के बाद से ही ओटीटी के तीसरे सीजन की चर्चा शुरू हो गई है। सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी सीजन 3 में कई कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आ रहे हैं। अब शाह रुख खान की रील बेटी भी इस शो का हिस्सा बनने जा रही हैं।
बॉलीवुड में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस इस वक्त लाइमलाइट से दूर है। खबरें हैं कि वह सलमान खान के रियलिटी शो के साथ कमबैक करने जा रही हैं। ये कोई और नहीं बल्कि 35 साल की अदाकारा सना सईद हैं।
कुछ कुछ होता है में शाह रुख खान की बेटी अंजलि का किरदार निभा चुकीं सना सईद को लेकर चर्चा है कि वह बिग बॉस ओटीटी सीजन 3 में पार्टिसिपेट करने वाली हैं। टेलीचक्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, सना को मेकर्स ने अप्रोच किया है और वह शो का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं। हालांकि, शो के मेकर्स या फिर एक्ट्रेस ने अभी तक इन खबरों पर मुहर नहीं लगाई है। अगर वह शो में आती हैं तो बिग बॉस हाउस में ग्लैमर की जरा भी कमी नहीं होगी।
सना सईद ने अपने करियर की शुरुआत कुछ कुछ होता है में शाह रुख खान की बेटी अंजलि के रूप में शुरुआत की थी। इसमें सलमान खान भी नजर आए थे। वह बादल और हर दिल जो प्यार करेगा जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। साल 2012 में सना ने स्टूडेंट ऑफ द ईयर में आलिया भट्ट के साथ काम किया था।
