नई दिल्ली:- अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने की खबरों ने व्यापारिक और औद्योगिक जगत की चिंता बढ़ा दी है। इस फैसले से भारत के 48 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात पर असर पड़ने और करीब 5 लाख लोगों के रोजगार पर संकट आने की आशंका जताई जा रही है। इस मुद्दे पर व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी चिंता जाहिर की है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगने से वे अन्य देशों के मुकाबले महंगे हो जाएंगे। ऐसे में अमेरिकी खरीदार दूसरे देशों से सामान खरीदने का विकल्प चुन सकते हैं। इससे भारतीय निर्यातकों को कारोबार में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इन सेक्टरों पर पड़ सकता है सबसे ज्यादा असर
CTI के अनुसार, अमेरिका भारत के लिए प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल है। फार्मास्युटिकल, कपड़ा एवं परिधान, रत्न और आभूषण, ऑटो कंपोनेंट, सीफूड और केमिकल जैसे क्षेत्रों पर टैरिफ का असर पड़ सकता है। संगठन ने आशंका जताई है कि इससे इन उद्योगों के कारोबार और रोजगार पर दबाव बढ़ेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स और दवाएं हो सकती हैं महंगी
संगठन ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि 100 डॉलर के उत्पाद पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाता है, तो उसकी कीमत बढ़कर 125 डॉलर हो जाएगी। इससे भारतीय इलेक्ट्रॉनिक सामान और दवाओं की अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है।
CTI के मुताबिक, पिछले साल भारत ने अमेरिका को करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और 92 हजार करोड़ रुपये के फार्मा उत्पादों का निर्यात किया था। नए शुल्क से इन क्षेत्रों के निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
भारत से जवाबी टैरिफ लगाने की मांग
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मांग की है कि यदि अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाता है, तो भारत को भी अमेरिकी सामानों पर समान दर से जवाबी शुल्क लगाने पर विचार करना चाहिए।
संगठन ने यह भी कहा है कि पहले से ऑर्डर प्राप्त कर चुकी कंपनियों और रास्ते में मौजूद माल पर नए टैरिफ का क्या असर होगा, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
दूसरे देशों में तलाशें निर्यात के विकल्प
CTI ने भारत को जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में निर्यात के नए अवसर तलाशने का सुझाव दिया है। साथ ही अमेरिका से होने वाले आयात के लिए भी दूसरे देशों के विकल्प विकसित करने की बात कही है।
संगठन का मानना है कि भारत को अपने निर्यात और आयात के लिए बाजारों का विस्तार करना चाहिए, ताकि किसी एक देश पर निर्भरता कम हो सके। वहीं, खबरों के मुताबिक भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में टैरिफ घटकर 17 प्रतिशत तक आ सकता है।
