नई दिल्ली:– आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में घिर गए हैं। बंगाल और दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि क्रिकेटर ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, बाद में शादी से इनकार कर दिया और मारपीट के साथ आपराधिक धमकी भी दी।
जानकारी के मुताबिक, यह शिकायत मंगलवार को हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में महिला और उसकी मां द्वारा दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह और अभिषेक पोरेल पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में थे। पिछले साल दोनों के बीच मतभेद शुरू हुए, जिसके बाद क्रिकेटर ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला का दावा है कि पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब वह शादी करने को तैयार नहीं हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में मारपीट तथा आपराधिक धमकी दी गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अभिषेक पोरेल ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद 23 वर्षीय अभिषेक पोरेल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह आरोप पूरी तरह झूठे हैं और अभी तक पुलिस ने उनसे संपर्क नहीं किया है।
मीडिया से बातचीत में पोरेल ने कहा, “मैं अभी अच्छा खेल रहा हूं, इसलिए तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। जब पुलिस जांच करेगी, तब मैं इस मामले पर विस्तार से बात करूंगा। अभी तक मेरी पुलिस से कोई बातचीत नहीं हुई है।”
IPL और घरेलू क्रिकेट में बना चुके हैं पहचान
बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने 2021-22 सीजन में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अब तक वह 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं। पिछले आईपीएल सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।
