नई दिल्ली:· राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तुलना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू और मोदी के कार्यकाल की परिस्थिति बहुत अलग है, इसलिए उन दोनों की तुलना करना सही नहीं है।
नरेंद्र मोदी ने तोड़ा जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहकर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने 4398 दिनों तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था।
पीएम मोदी को लेकर क्या बोले शरद पवार?
मुंबई के वाईबी चव्हान केंद्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री पद एक संवैधानिक और सम्मानजनक पद है तथा इस उपलब्धि के लिए नरेंद्र मोदी का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू उनकी तुलना को लेकर सवाल उठाए।
नेहरू से मोदी की तुलना पर क्या बोले शरद पवार?
शरद पवार ने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में उनका सम्मान किया जाना अच्छी बात है। लेकिन क्या जवाहरलाल नेहरू के कार्यों उपलब्धियों की तुलना किसी और से की जा सकती है, यह एक बड़ा प्रश्न है। उन्होंने कहा कि नेहरू के कार्यकाल की चुनौतियां और परिस्थितियां अलग थीं। पंडित जवाहरलाल नेहरू जिस दौर में प्रधानमंत्री बने थे, वह देश की आजादी के तुरंत बाद का समय था। वह कालखंड अनेक कठिनाइयों, चुनौतियों और संघर्षों से भरा हुआ था।
मंत्री गिरीश महाजन की आलोचना की
इस दौरान शरद पवार ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन की भी आलोचना की। महाजन ने अमृतसर में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान मारे गए लोगों को शहीद बोला था, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
