नई दिल्ली:– केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित NDA कॉन्क्लेव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक और आत्मीय अंदाज में देशवासियों और NDA परिवार को संबोधित किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि इतने लंबे समय तक भारत माता की सेवा करने का अवसर मिलना केवल ईश्वर की विशेष कृपा से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ही उनके लिए ईश्वर का रूप है और यही कारण है कि उन्होंने हमेशा शासन को सत्ता नहीं बल्कि सेवा और साधना का माध्यम माना। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यह यात्रा कभी अकेले की नहीं रही, बल्कि NDA परिवार, करोड़ों कार्यकर्ताओं और देशवासियों के सहयोग से यह “राष्ट्रसेवा का महायज्ञ” बन पाया है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2014 में देश की जनता ने कांग्रेस के विश्वासघात और भ्रष्ट राजनीति से परेशान होकर NDA पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने देखा है कि जब सरकार सही नीयत और स्पष्ट नीति के साथ काम करती है तो विकास केवल कागजों तक सीमित नहीं रहता बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाता है। उन्होंने 25 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने को NDA सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने NDA की सभी सहयोगी पार्टियों और नेताओं का विशेष आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे NDA परिवार की सामूहिक सफलता है। उन्होंने कहा कि NDA केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला एक मजबूत परिवार है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की जनता की समझ और निर्णय क्षमता हमेशा अद्भुत रही है और देशवासियों ने हर कठिन समय में लोकतंत्र को और मजबूत करने का काम किया है।
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ाया और कहा कि देश की सेवा का यह अभियान आगे भी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जारी रहेगा। NDA कॉन्क्लेव में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के भाषण पर जोरदार तालियों के साथ समर्थन जताया।
