नई दिल्ली:– OnePlus भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपनी नई एंट्री-लेवल N सीरीज का विस्तार करने जा रही है। जैसा कि सभी को पता है कि पिछले महीने OnePlus N6 लॉन्च करने के बाद अब कंपनी ने OnePlus N6x को टीज करना शुरू कर दिया है। वहीं खास बात यह है कि इस अपकमिंग स्मार्टफोन के लिए भारत में एक डेडिकेटेड माइक्रोसाइट भी लाइव हो चुकी है जिससे साफ हो गया है कि फोन जल्द ही भारतीय बाजार में दस्तक देने वाला है। माइक्रोसाइट से यह भी पुष्टि हुई है कि OnePlus N6x की बिक्री ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon के जरिए की जाएगी। लेकिन कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्च डेट, कीमत और डिजाइन जैसी अहम जानकारियों का खुलासा नहीं किया है।
फैमिलियर स्पेसिफिकेशन्स के साथ आ सकता है नया फोन
टिप्स्टर योगेश बरार का दावा है कि OnePlus N6x को कंपनी फैमिलियर स्पेसिफिकेशन्स के साथ पेश कर सकती है। जिसका सीधा मतलब है कि इस फोन में ऐसे फीचर्स देखने को मिल सकते हैं जो हाल ही में लॉन्च हुए OnePlus N6 से काफी हद तक मेल खाते है। इसके साथ ही N सीरीज को OnePlus ने अपने सबसे किफायती स्मार्टफोन लाइनअप के तौर पर पेश किया है जिसने अब कंपनी की Nord सीरीज के एंट्री-लेवल सेगमेंट की जगह ले ली है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि N6x भी बजट यूजर्स को ध्यान में रखकर लॉन्च किया जाएगा।
OnePlus N6 में मिले थे ये दमदार फीचर्स
OnePlus N6 के बारे में बताए तो इसे भारत में 30 जून को 22,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। इसमें फीचर्स के तौर पर 6.75 इंच का HD LCD डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स पीक ब्राइटनेस दी गई है। फोन को IP65 डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस रेटिंग भी मिली है। इसके साथ ही परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6360 Apex प्रोसेसर दिया गया है जिसके बारे में दावा किया गया है कि इसने AnTuTu बेंचमार्क पर 6.15 लाख से ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
8000mAh बैटरी बनी सबसे बड़ी ताकत
OnePlus N6 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8,000mAh बैटरी है जो 45W फास्ट चार्जिंग और 6.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। वहीं इस फोन को लेकर कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक का बैटरी बैकअप दे सकता है। इसके अलावा फोन में 50MP रियर कैमरा और 8MP फ्रंट कैमरा भी मिलता है। लेकिन अब सभी की नजर OnePlus N6x पर है। अगर यह फोन भी बड़ी बैटरी, बेहतर परफॉर्मेंस और किफायती कीमत के साथ आता है तो बजट 5G स्मार्टफोन सेगमेंट में मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है।
