छत्तीसगढ़:– दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चीचा में सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां संवाद से संपूर्ण समाधान की थीम के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर में पेयजल, सड़क, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया, जबकि लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रशासन खुद गांव तक पहुंचे और आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके बीच जाकर करे, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में एसडीएम सोनम डेविड, किरण कुमार कौशिक जनपद सीईओ धमधा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आवेदन लेकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्राम चीचा में आयोजित इस शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने शासन की इस पहल को सकारात्मक बताया।
