छत्तीसगढ़:– राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज IPL 2026 का सबसे चर्चित मुकाबला खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। करीब एक दशक बाद रायपुर में IPL मुकाबले की वापसी ने क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, लेकिन मुकाबले से पहले ही स्टेडियम के बाहर फैंस की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। क्रिकेट प्रेमियों में खास तौर पर Virat Kohli और Rohit Sharma को लेकर जबरदस्त दीवानगी नजर आ रही है। दोनों स्टार खिलाड़ियों को देखने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों समेत पड़ोसी राज्यों से भी दर्शक रायपुर पहुंच रहे हैं।
बारिश बिगाड़ सकती है मैच का रोमांच
RCB और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले इस हाईवोल्टेज मुकाबले पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है। रायपुर और नवा रायपुर में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ऐसे में बारिश होने पर मैच में व्यवधान पड़ सकता है, जिससे फैंस की चिंता बढ़ गई है। हालांकि स्टेडियम प्रबंधन और आयोजकों ने मैदान को सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सुपर सॉपर और ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह तैयार रखा गया है ताकि बारिश रुकने के बाद जल्द मैच शुरू कराया जा सके।
सुरक्षा और ट्रैफिक के विशेष इंतजाम
मैच को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग रूट डायवर्ट किए गए हैं। दर्शकों को स्टेडियम समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि एंट्री के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। ऑनलाइन टिकट धारकों के लिए QR कोड आधारित एंट्री व्यवस्था लागू की गई है।
फैंस में दिख रहा जबरदस्त उत्साह
रायपुर में IPL मैच को लेकर शहर पूरी तरह क्रिकेटमय नजर आ रहा है। होटल, कैफे और बाजारों में क्रिकेट की चर्चा जोरों पर है। युवाओं में RCB और मुंबई इंडियंस की जर्सी का खास क्रेज देखने को मिल रहा है। लंबे इंतजार के बाद रायपुर को मिले इस बड़े मुकाबले ने क्रिकेट प्रेमियों की खुशी दोगुनी कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मैदान पर कौन सी टीम जीत दर्ज करती है और क्या मौसम इस रोमांचक मुकाबले को बिना रुकावट पूरा होने देगा।
