तमिलनाडु:– विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस दौरान तमिलनाडु की जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। राज्य के वेल्लोर जिले में मतदान को उत्सव के रूप में मनाया गया। वेल्लोर जिले के कुछ पोलिंग बूथ पर इस बार मतदाताओं को एक अनोखी चीज देखने को मिली।
दरअसल, वेल्लोर के कुछ पोलिंग बूथ पर रोबोट ने उनका स्वागत किया और मतदान प्रक्रिया में सहयोग भी दिया। गुडियात्तम और वेल्लोर विधानसभा क्षेत्रों के चुनिंदा पोलिंग बूथ पर चुनाव आयोग की पहल के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ह्यूमनॉइड रोबोट तैनात किए गए। इन रोबोट्स का उद्देश्य मतदाताओं को सुविधा प्रदान करना और मतदान प्रक्रिया को अधिक आकर्षक और तकनीकी रूप से बेहतर बनाना था।
रोबोट ने तमिल में किया स्वागत
सरकारी मुस्लिम हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथ पर मतदाताओं का स्वागत करने और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए एक रोबोट तैनात किया गया है। पारंपरिक तमिल पोशाक पहने यह रोबोट, वोट डालने के लिए आने वाले लोगों का अभिवादन कर रहा है।
एक मतदाता ने बताया, “हम रोबोट को देखकर हैरान रह गए। यह तमिल में बात कर रहा था और गर्मी से बचने के सुझाव भी दे रहा था।” अधिकारियों के अनुसार, वेल्लोर जिले के कुल 1,427 मतदान केंद्रों में से केवल दो केंद्रों पर यह प्रयोग किया गया।
वोटर्स का किया स्वागत
गुडियात्तम के सरकारी नगरपालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित पोलिंग बूथ पर एक रोबोट साड़ी पहने दिखाई दिया, जिसनें जनता का ध्यान अपनी ओर खींचा। रोबोट ने तमिल भाषा में सभी वोटर्स का स्वागत भी किया। कुछ रोबोट फूलों और चॉकलेट की ट्रे लेकर खड़े थे, जिससे मतदान का माहौल उत्साह से भर गया।
वेल्लोर विधानसभा क्षेत्र के सरकारी मुस्लिम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तैनात रोबोट सेंसर आधारित था, जो मतदाताओं से हाथ मिलाने और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देने में सक्षम था। यह मतदाताओं को मोबाइल फोन जमा करने, मतदान कक्ष तक पहुंचने और अन्य नियमों के बारे में भी जानकारी दे रहा था।
जनता ने रोबोट के साथ की बातचीत
तमिलनाडु चुनाव में इसके अलावा, रोबोट ने बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए अलग कतारों और व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं की जानकारी देकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। इस अनोखी पहल ने मतदान केंद्रों पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बड़ी संख्या में लोग रोबोट के साथ बातचीत करते नजर आए।
