नई दिल्ली:- नीट-यूजी का पेपर लीक होने के बाद 3 मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा रद्द कर दी गई थी। आज नीट-यूजी 2026 की री-एग्जाम कराई जा रही है। आज दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू होगी। इस बीच राजस्थान से पेपर लीक का सनसनीखेज दावा सामने आया है। 2 बजे परीक्षा शुरू होने वाली है और इससे ठीक पहले पेपर लीक के सनसनीखेज दावे ने सनसनी मचा दी है।
बताया जा रहा है कि एक अज्ञात फोन कॉलर ने दावा किया है कि उसने एक छात्र को वीडियो कॉल पर प्रश्न पत्र दिखाया और बदले में 30 हजार रुपये की मांग की है। यह मामला सामने आते ही अजमेर पुलिस तुरंत एक्शन में आई और जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार, डीएवी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और एबीवीपी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस को बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच शुरू की। व्यक्ति द्वारा दिए गए क्यूआर कोड और वीडियो कॉल की भी जांच कर रही है।
मामले की जांच कर रही अजमेर पुलिस
एडिशनल SP (सिटी) हिमांशु जागीद ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कॉलर की पहचान करने और वीडियो कॉल के दौरान दिखाए गए प्रश्न पत्र की सच्चाई का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं।
अजमेर पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह रविवार को होने वाली NEET की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को गुमराह करने और उनसे पैसे ऐंठने की एक बड़ी धोखाधड़ी की कोशिश हो सकती है।
