छत्तीसगढ़:- जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण छात्रहित को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। 26 सितंबर 2026 को जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चन्द्राकर द्वारा 25 सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में हो रही अत्यधिक वर्षा को देखते हुए 26 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा स्थगित की जाती है। साथ ही इस दिन जिले के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा।
आदेश के मुताबिक त्रैमासिक परीक्षा के शेष दिनों का कार्यक्रम यथावत रहेगा। यानी 26 सितंबर की परीक्षा स्थगित की गई है, जबकि अन्य निर्धारित तिथियों की परीक्षाएं पूर्व कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
यह आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, समग्र शिक्षा के अधिकारियों तथा शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों के संस्था प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई और पालन के लिए भेजी गई है।
अत्यधिक बारिश के बीच जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के इस फैसले से जिलेभर के विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।
