पृथ्वीपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कांग्रेस की 15 माह की तत्कालीन सरकार का हिसाब मांगने की बजाए अपने 16 सालों के कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
श्री कमलनाथ ने निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले जेरोन में कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह राठौर के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। इस पर पार्टी प्रत्याशी श्री राठौर के अलावा वरिष्ठ राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और अन्य नेता भी मौजूद थे।
श्री कमलनाथ ने कहा कि श्री चौहान उनसे 15 माह के कार्यकाल का हिसाब मांगते रहते हैं। वास्तव में श्री चौहान को अपने 16 सालों के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि राज्य में कितने लोगों को रोजगार दिया गया। गरीबों और किसानों के हित में उन्होंने कौन से कदम उठाए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान सिर्फ घोषणाएं की हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की भी आलाेचना की और कहा कि वे अपने अाप को राष्ट्रवादी कहते हैं। जबकि सच्चायी यह है कि उनके नेताओं का देश की आजादी के आंदोलन में योगदान नहीं रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को राष्ट्रवाद की बात करने का अधिकार नहीं है।
श्री कमलनाथ ने अपनी 15 माह की पूर्व सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने राज्य के 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि जब 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी तो पूरे किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य से माफियाओं का राज भी समाप्त किया था और यही बात भाजपा नेताओं को नहीं जची और उन्होंने जनता द्वारा चुनी हुयी सरकार को गिरा दिया।
उन्होंने पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उपचुनाव में जनता से उनके पुत्र नितेंद्र सिंह राठौर के पक्ष में मतदान की अपील की।
पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नितेंद्र राठौर और भाजपा के शिशुपाल यादव के मध्य है। मतदान 30 अक्टूबर को और मतगणना 02 नवंबर को होगी।