नई दिल्ली:– भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती की सोमवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। उनकी स्थिति को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने बिना देरी किए उन्हें तत्काल जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच के बाद उपचार शुरू किया।
वृंदावन से लौटते समय हुआ दर्द का अहसास
भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, उमा भारती सोमवार को वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी महाराज के दर्शन करने गई थीं। दर्शन के उपरांत वे यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते वापस लौट रही थीं, तभी सफर के दौरान उन्हें अचानक शरीर में दर्द महसूस हुआ और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी।
