मध्य प्रदेश :– भीषण गर्मी में झुलस रहा है। प्रदेश का आधे से ज्यादा हिस्सा तेज गर्मी और लू की चपेट में है। रविवार को राजगढ़ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान रिकॉर्ड 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा 11 जिलों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर और 4 जिलों में 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसी को देखते हुए मौसम केंद्र भोपाल ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा रहेगा, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है।
इन जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तापमान 43 से 44 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, धार, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, शहडोल और सिंगरौली सहित कई जिलों में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
16 शहरों में 43 डिग्री से अधिक तापमान
रविवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजगढ़ (45 डिग्री) के बाद रतलाम में 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री, नौगांव-खजुराहो में 44.4 डिग्री और गुना में 43.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। श्योपुर, रायसेन और नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री, दतिया, शाजापुर और दमोह में 43.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। खरगोन और टीकमगढ़ में 43.2 डिग्री जबकि धार में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बड़े शहरों का तापमान
प्रदेश के पांच बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। बड़े जिलों में भी पारा 42 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों काफी परेशान हुए। उज्जैन में 43 डिग्री, इंदौर में 42.8 डिग्री, भोपाल में 42.7 डिग्री, ग्वालियर में 42.6 डिग्री और जबलपुर में 42.3 डिग्री तापमान रहा।
