नागपुर :- देश का सबसे बड़ा सोलर मॉडल इकोसिस्टम आकार ले रहा है। अगले 10 वर्षों में नागपुर सोलर इकोसिस्टम का हब बनेगा, इसलिए उद्यमियों को इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करना चाहिए, यह आह्वान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में अवाडा समूह का दौरा किया और सोलर मॉडल के निर्माण का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने उद्यमियों के साथ संवाद किया, अवाडा उद्योग समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष विनीत मित्तल ने मुख्यमंत्री से विशेष मुलाकात ली।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्यमियों के साथ राज्य में बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और मुंबई में होने वाले भविष्य के बदलावों पर चर्चा की। नए नागपुर के प्रोजेक्ट के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां स्मार्ट इंडस्ट्री के लिए इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।
इस परियोजना के लिए 50 प्रतिशत से अधिक भूमि उपलब्ध हो चुकी है और निवेश को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। देश का पहला सोलर मॉडल अतिरिक्त बूटीबोरी क्षेत्र में तैयार हो रहा है। अवाडा समूह को अपने प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए 250 एकड़ जमीन की आवश्यकता है जिसे उपलब्ध कराने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
CM ने कहा कि तीसरा अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र जरूरी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अतिरिक्त बूटीबोरी क्षेत्र में उद्योगों के लिए अधिग्रहित जमीन समाप्त हो चुकी है, इसलिए तीसरा अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र तैयार किया जाना है, साथ ही वर्धा जिले में नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हुई है।
अवाडा सोलर मॉडल बनाने वाला सबसे बड़ा सुपर उद्योग है। एडवांस इंटीग्रेशन के माध्यम से स्मार्ट मॉड्यूल का निर्माण किया जा रहा है। भूमिपूजन के बाद परियोजना का काम तेजी से पूरा हुआ है और वर्तमान में यहां करीब 5,000 कामगार कार्यरत हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा झोपड़पट्टी मुक्त होगी मुंबई
मुंबई हवाई अड्डे पर निजी विमानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को आश्वासन दिया कि विकास एवं संबंधित एजेंसियों के साथ चर्चा कर इसका समाधान निकाला जाएगा।
मुंबई को झोपड़पट्टी मुक्त बनाने के संबंध में उन्होंने कहा कि समूह विकास के तहत यहां के निवासियों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने अथवा 3 वर्ष का किराया देने की व्यवस्था से जमीन खाली कराने में मदद मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले 10 वर्षों में मुंबई झोपड़पट्टी मुक्त हो जाएगी
2029 तक उद्योगों को सस्ती बिजली
उद्यमियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्टील उद्योग के विकास को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उद्योगों को सस्ती बिजली कैसे उपलब्ध कराई जाए, इस दिशा में प्रयास जारी है और वर्ष 2029 तक उद्योगों को सस्ती बिजली मिलने का विश्वास उन्होंने व्यक्त किया, सोलर बैटरी स्टोरेज के क्षेत्र में भी प्रयास किए जा रहे है, ताकि 24 घंटे ऊर्जा उपलब्ध कराई जा सके।
इससे उद्योगों के सामने बिजली की समस्या नहीं रहेगी, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया। गढ़चिरोली जिला एक नई स्टील सिटी के रूप में उभर रहा है और वहां करीब 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश आए है।
बेल्जियम की एक कंपनी के साथ गड़चिरोली में ग्रीन स्टील बनाने के लिए समझौता ज्ञापन भी किया गया है। समृद्धि महामार्ग के कारण राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित हो रही है। जेएनपीटी के साथ-साथ वाढवण बंदरगाह भी दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में शामिल होगा।
