नई दिल्ली:– देश में अप्रैल खत्म होने से पहले ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देश के 18 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे ज्यादा तापमान ओडिशा के झारसुगुड़ा में 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि महाराष्ट्र के वर्धा में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां रिज इलाके में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है।
अन्य इलाकों में तापमान 40 से 41.4 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और केरल समेत 8 राज्यों में 23 और 24 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले कई दिनों तक हीटवेव का असर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मई और जून में हालात और गंभीर होने की आशंका जताई है। आमतौर पर इन महीनों में 3 से 7 हीटवेव डे दर्ज होते हैं, लेकिन इस बार यह संख्या औसत से 5 से 7 दिन ज्यादा हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अत्यधिक गर्मी अब नई सामान्य स्थिति बनती जा रही है।
