नई दिल्ली:– अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को लेकर दिए गए बयान ने वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है। हाल ही में ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया था, जिसमें भारत और चीन जैसे देशों के लिए ‘हेलहोल’ यानी नर्क शब्द का इस्तेमाल किया गया था।
इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद अब अमेरिकी दूतावास ने सफाई देते हुए कहा है कि ट्रंप भारत को एक महान देश मानते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बेहतरीन दोस्त हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर माइकल सैवेज का वीडियो साझा किया, जिसमें अमेरिका की बर्थराइट सिटीजनशिप नीति की आलोचना करते हुए भारत और चीन पर अपमानजनक टिप्पणी की गई थी।वीडियो में कहा गया था कि विदेशी लोग अमेरिका के कानूनों का फायदा उठाकर अपने बच्चों को अमेरिकी नागरिकता दिला रहे हैं। मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय ने संयमित प्रतिक्रिया दी। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार ने ऐसी रिपोर्ट्स देखी हैं, लेकिन फिलहाल इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विवाद बढ़ने के बाद ट्रंप ने भारत की तारीफ कर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की है।
