नई दिल्ली:– देश के कई राज्यों में मौसम सुहावना होने वाला है। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक कई राज्यों में आईएमडी ने बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 20 घंटों के भीतर 15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 8 डिग्री तक गिरेगा पारा
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 28 से 31 मई के बीच मौसम काफी सुहावना रहने वाला है। अधिकतम तापमान में 8 डिग्री और न्यूनतम में 6 डिग्री तक की कमी आ सकती है। 28 और 29 मई को हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ 60 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में करवट लेगा मौसम
यूपी के लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज जैसे जिलों में 28 से 31 मई के दौरान बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। खास तौर से 29 मई को कई जिलों में ओलावृष्टि और 70 किमी की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। पटना मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान जताया है। राज्य के उत्तर-मध्य और पूर्वोत्तर भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राजस्थान में गर्मी का ‘टॉर्चर’ और हल्की राहत
राजस्थान फिलहाल भीषण लू की चपेट में है। एक तरफ जहां श्री गंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, 28 और 29 मई को जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से मामूली राहत मिल सकती है।
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 41°C 26°C
जयपुर 44°C 30°C
भोपाल 42°C 29°C
लखनऊ 38°C 34°C
शिमला 30°C 18°C
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट जारी
उत्तराखंड में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है। शिमला, कुल्लू, श्रीनगर और रामबन जैसे इलाकों में 29-30 मई तक बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही हैदराबाद समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 29 मई से तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून का लेटेस्ट अपडेट भी जान लीजिए
केरल में मानसून ने अभी आधिकारिक दस्तक नहीं दी है, लेकिन यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 2 से 3 दिनों में इसके और सक्रिय होने की उम्मीद है।
