नई दिल्ली :– प्रधानमंत्री मोदी आज झारखंड के दौरे पर हैं। वे 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात और ओडिशा के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान 12,460 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री आज रविवार को झारखंड की यात्रा की और अब से कुछ देर पहले झारखंड के टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
जानकारी दें कि टाटानगर-पटना वंदे भारत ट्रेन उन छह ट्रेनों में से एक है, जिन्हें हरी झंडी दिखाई गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे जबकि सूत्रों ने बताया था कि मोदी की वहां रोड शो करने की भी योजना है। इस रोड शो को फिलहाल रद्द कर दिया गया है क्योंकि वहां लगातार बारिश हो रही है। बीजेपी नेता और झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
वहीं एक जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री पूर्वाह्न लगभग 10:30 बजे टाटानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये 660 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा 20 हजार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री देवघर जिले में मधुपुर बाईपास लाइन और हजारीबाग जिले में हजारीबाग टाउन कोचिंग डिपो की आधारशिला रखेंगे।
इससे पहले रेल मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि नयी वंदे भारत ट्रेन के संचालन से इनकी संख्या 54 से बढ़कर अब 60 हो जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी आज झारखंड के दौरे पर जाएंगे और सुबह करीब 11 बजे टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छह वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
बयान में कहा गया, ”वंदे भारत पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार हो रहा है और बेहतर संपर्क सुविधा के लिए इसमें नयी ट्रेन को शामिल किया जा रहा है।” इसमें कहा गया, ”मेक इन इंडिया पहल के तहत स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई ये ट्रेन लाखों यात्रियों को ‘लक्जरी’ और अत्याधुनिक सुविधाएं देती है।”
इससे पहले PM मोदी ने ट्वीट कर कहा, “झारखंड के तेज विकास के लिए हम कृतसंकल्प हैं. आज सुबह करीब 10 बजे टाटानगर में छह ‘वंदे भारत’ को हरी झंडी दिखाने के साथ साथ कई और परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा. साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों से जुड़े कार्यक्रम का भी हिस्सा बनूंगा.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री कुरकुरा-कनारोअन दोहरीकरण परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे जो बंडामुंडा-रांची सिंगल लाइन खंड का हिस्सा है और रांची, मुरी एवं चंद्रपुरा स्टेशनों के रास्ते राउरकेला-गोमोह मार्ग का हिस्सा है।चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर में भाजपा द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री 17 सितंबर को ओडिशा के अपने एक दिवसीय दौरे पर राज्य सरकार की प्रमुख योजना ‘सुभद्रा’ की शुरूआत करेंगे। प्रधानमंत्री 2,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
