नई दिल्ली:– लोकप्रिय मेसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp वैसे तो सभी यूजर्स के लिए फ्री है लेकिन अब चुनिंदा यूजर्स को झटका लगने जा रहा है। दरअसल, जो यूजर्स अपने बिजनेस के लिए वॉट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं, उनकी जेब पर वजन बढ़ने वाला है। पैरेंट कंपनी Meta ने घोषणा की है कि 1 जुलाई, 2025 से WhatsApp Business का बिलिंग सिस्टम पूरी तरह बदलने जा रहा है। अब तक जहां 24 घंटे की बातचीत के लिए एक फ्लैट चार्ज लिया जाता था, अब हर भेजे गए टेम्पलेट मैसेज पर अलग-अलग शुल्क देना होगा।
दरअसल WhatsApp Business यूजर्स के लिए पहले, कोई भी बातचीत चाहे बिजनेस ने शुरू की हो या ग्राहक ने, 24 घंटे तक के पूरे कन्वर्सेशन पर एक ही बार फीस लगती थी। वहीं, अब नए नियमों के चलते हर टेम्पलेट मेसेज को उसके कैटेगरी, क्षेत्र, वॉल्यूम और कौन बात शुरू करता है, इसके आधार पर चार्ज किया जाएगा।
लागू रहेगी फ्री मेसेजिंग विंडो
Meta ने बिजनेस मेसेजेस को तीन मेन कैटेगरी में बांटा है- Marketing, Utility और Authentication। इनमें से Marketing मेसेज वे हैं जिनमें किसी प्रोडक्ट, सर्विस या इवेंट को एडवर्टाइज किया जाता है। इसके अलावा ऑर्डर कन्फर्मेशन या डिलीवरी अपडेट जैसे मेसेजेस को Utility मेसेज माना जाता है। इसी तरह OTP या लॉगिन वेरिफिकेशन Authentication मेसेज के दायरे में आते हैं।
हालांकि, सभी कन्वर्सेशंस अब चार्जेबल हो सकते हैं, लेकिन कुछ फ्री मेसेजिंग विंडो अब भी लागू रहेंगी। अगर ग्राहक बात शुरू करता है, तो अगले 24 घंटे तक बिजनेस को अनलिमिटेड मेसेज बिना किसी चार्ज के भेजने की अनुमति रहेगी। इसी तरह, अगर कोई ग्राहक फेसबुक या वॉट्सऐप ऐड पर क्लिक करके चैट शुरू करता है, तो बिज़नेस को 72 घंटे तक फ्री मेसेज भेजने की सुविधा मिलेगी, चाहे वो मार्केटिंग ही क्यों ना हो।
इन बिजनेस के लिए डिस्काउंट भी
Meta ने बड़े स्तर पर मेसेज भेजने वाले बिजनेसेज के लिए वॉल्यूम-बेस्ड डिस्काउंट भी पेश किए हैं। उदाहरण के लिए, यदि कोई बिजनेस भारत में हर महीने 30 लाख से ज्यादा Authentication मेसेज भेजता है, तो पहले 2.5 लाख मेसेज पर सामान्य शुल्क लगेगा, लेकिन उसके बाद क्रम से 5 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
एक और बड़ा बदलाव यह है कि Meta अब पहले की तरह हर महीने मिलने वाले 1000 फ्री सर्विस मेसेज नहीं देगा। हालांकि, अगर ग्राहक ने बातचीत शुरू की है, तो 24 घंटे की विंडो में भेजे गए सर्विस मेसेज अब भी फ्री रहेंगे, चाहे उनकी संख्या कितनी भी हो।
