हरनाज संधू 21 साल बाद मिस यूनिवर्स का ताज भारत लेकर आई
भारत की हरनाज संधू इस साल की मिस यूनिवर्स चुनी गई हैं. बॉलीवुड में काम कर रहीं हरनाज ने करीब 80 प्रतियोगियों को हराकर इस्राएल में यह खिताब जीता.
21 साल की हरनाज संधू चंडीगढ़ में पली-बढ़ी हैं. वहीं से उन्होंने स्कूल और कॉलेज पास किया है.
युवा महिलाओं की चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर हरनाज संधू ने कहा, “आज के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने आप पर यकीन है, यह जानना है कि आप सबसे अलग हैं और यही बात आपको खूबसूरत बनाती है. खुद की दूसरों से तुलना बंद करें और जिंदगी की और जरूरी चीजों के बारे में सोचें.”

चंडीगढ़ की रहने वालीं हरनाज संधू 21 साल बाद ताज भारत लेकर आई हैं. इससे पहले 2000 में लारा दत्ता ने यह खिताब जीता था. 1994 में सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स बनी थीं.
पराग्वे की नाडिया फरेरा दूसरे नंबर पर रहीं और दक्षिण अफ्रीका की लालेला म्सवाने तीसरे नंबर पर.
हरनाज संधू मॉडलिंग और एक्टिंग में सक्रिय हैं. वह ‘यारां दियां पौ बारां’ और ‘बाई जी कुट्टांगे’ जैसी पंजाबी फिल्मों में काम भी कर चुकी हैं.

हरनाज संधू की झोली में पहले भी कई खिताब आ चुके हैं. 2017 में वह टाइम्स फ्रेश फेस मिस चंडीगढ़ रही थीं. 2019 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया पंजाब का खिताब भी जीता था.