15 सालों से चल रहा सिलसिला –
महाशिवरात्रि पर एक बार फिर भोले नाथ की बारात ने वर्ल्ड रिकार्ड बना दिया l भिलाई में बाबा की बारात में पुरे प्रदेश से आये भक्तों का ऐसा हुजूम उमड़ा की आयोजक और वर्ल्ड रिकॉर्ड वाले भी हैरान हो गए l
बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के सह संयोजन से निकली भोले नाथ की अनोखी बारात और पूरे शहर में अलग-अलग जगहों पर आयोजित हुए अलग-अलग कार्यक्रमों ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया l दूसरी तरफ एमआर लेआउट में अभिलिप्सा पांडा ने शिवमय गीतों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया l
देश भर से आयी झांकियों ने मोहा सबका मन –
15 सालों से लगातार निकाली जा रही बाबा की बारात में इस बार इस बार छत्तीसगढ़ सहित देशभर की 131 झांकियों को शामिल किया गया है। इसमें दुर्ग, बेमेतरा, कवर्धा, मुंगेली, भाटापारा, जांजगीर चांपा, जगदलपुर, कांकेर आदि क्षेत्रों से झांकियां पहुंची। बारात में बड़ी संख्या में लोग शिव पार्वती, भूत पिशाच, देव दानव व बंदर भालू की वेशभूषा में नाचते हुए दिखे। विशाल झांकी के साथ पावर जोन डीजे विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। हरियाणा और दक्षिण भारत से आई झांकियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। इन झांकियों में राम रथ, राम रावण युद्ध, गंगा अवतरण, भोले बाबा का अघोरी रूप, भूतों की मंडली, भगवान गणेश द्वारा मातृ पितृ पूजन, त्रिदेव (ब्रह्मा-विष्णु-महेश) के दर्शन हुए। झांकियों के साथ भगवान भोलेनाथ का पार्थिव शिवलिंग भी दिखा। हरियाणा से बाबा मलंग जिन्हें पागल या पगला बाबा के नाम से भी जाना जाता है की झांकी पहुंची थी। उसमें बाबा मलंग अघोरी शिव के रूप में दिखे। उनके साथ बड़ी संख्या में भूत पिशाच की सेना थी। अघोरी शिव नर कंकाल के सिंघासन में भस्म रमाकर बैठे थे और उनके भूत बैताल मस्ती में नाच गा रहे थे। इस दौरान खुद पगला बाबा ने शिव तांडव करके लोगों को चौंका दिया। उनकी भूत पिशाच की सेना नर मुंडों की माला पहनकर नाचना और उनके मुंह से लाल रंग ऐसा निकल रहा था मानों वो किसी का रक्त पीकर नाच रहे हैं। सभी की आखों में विशेष रूप से पत्थर की पुतली लगाई गई थी।

प्रदेश भर से भक्त भोले की बारात में शामिल होने पहुंचे –
केवल भिलाई ही नहीं प्रदेश भर से भक्त भोले की बारात में शामिल होने पहुंचे l बारात हर बार की तरह इंदिरा नगर हथखोज से शुरू होकर ट्रांसपोर्ट नगर रोड, केनाल रोड, बोल बम चौक, नंदी तिराहा होते हुए जोन 1 व जोन 2 एप्रोच रोड से निकलकर दुर्गा मंच पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान हर चौक पर जनप्रतिनिधियों ने बाबा का स्वागत सत्कार कर आशीर्वाद लिया l खुर्सीपार स्थिति केनाल रोड के जीरों प्वाइंट पर भाजपा के कई दिग्गज नेता पहुंचे और बारात का स्वागत किया। दुर्गा मंच पर शिव पार्वती के काल्पनिक विवाह के साथ आयोजन संपन्न हुआ l बारात देखने पहुंचे भक्तों की भीड़ देख आयोजक भी हैरान हो गए l भीड़ को सँभालने में समिति के सुरक्षा कर्मियों के पसीने छूट रहे थे। किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए भाजपा नेता दया सिंह ने 100 से अधिक व्यवस्थापक व बाउंसरों को लगाया था, फिर भी भीड़ झांकियों के पास पहुँचती रही l