नई दिल्ली:– वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज अक्सर अपनी बातों और प्रवचनों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। इसके साथ ही वह लोगों को जीवन जीने का सही तरीका भी बताते हैं। बच्चों की परवरिश से लेकर जीवन जीने का सलीका तक संत प्रेमानंद महाराज माता-पिता को अच्छे संस्कारों के बारे में बताते रहते हैं।
प्रेमानंद महाराज अक्सर लोगों को सही रास्ता दिखाते हुए आध्यात्म की ओर बढ़ने की बात कहते हैं। जीवन में सदगुण और अच्छे आचरण को व्यवहार में लाकर सही मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
आपका दिन अच्छा होगा या फिर बुरा यह ज्यादातर सुबह की शुरुआत पर निर्भर करता है। अगर देर से सोने की आदत है, तो सारे काम देर से करेंगे और दिनभर थकावट महसूस होगी। लेकिन अगर जल्दी उठते हैं, तो आपके पास पूरे दिन में काम के लिए पर्याप्त समय बचता है, जिससे आप सभी चीजों को प्लांड तरीके से कर सकते हैं।
सुबह उठने के बाद इन नियमों का करें पालन
सुबह उठने के बाद लोग योग और व्यायाम करते हैं। लेकिन बिस्तर से उठने के बाद सबसे पहले क्या करना चाहिए। आइए जानते हैं प्रेमानंद महाराज से सुबह की शुरुआत करने के नियम।
प्रेमानंद महाराज के अनुसार, सुबह उठने के बाद सबसे पहले गर्म पानी पिएं। जल्दबाजी में नहीं बल्कि 5 से 10 मिनट में पानी पीना चाहिए। इसके बाद थोड़ा टहलें और फिर शौच जाना चाहिए।
प्रेमानंद महाराज कहते हैं, सुबह व्यायाम या फिर योग करने से पहले स्नान करना चाहिए। इससे एकाग्रता बढ़ती है, मन शांत होता है और मांसपेशियां योग के लिए तैयार होती हैं।
योग या एक्सरसाइज के बाद स्नान करने से शरीर का बढ़ा हुआ तापमान और ऊर्जा बाधित होती है। रक्त संचार में अचानक बदलाव आ सकता है। इससे पहले स्नान से मांसपेशियों की रिकवरी में मदद मिलती है।
प्रेमानंद महाराज के अनुसार ऐसी दिनचर्या बनानी चाहिए कि आपको हर हाल में रात को 10 बजे तक नींद आ जाए। अगर रात को 10 बजे सो जाते हैं तो सुबह 5 बजे उठ जाएंगे। उठने और सोने का यह सबसे उत्तम समय है।
महाराज जी के 10-10-10 का नियम
आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज ने सुबह 10-10-10 का नियम बताया है। इस नियम में स्नान के बाद 10 मिनट दंड बैठक, 10 मिनट साधना और 10 मिनट तक प्राणायाम करना चाहिए। नियमित रूप से अगर इस दिनचर्या का पालन करते हैं, तो इससे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। साथ ही आध्यात्मिक लाभ भी मिलता है।
