छत्तीसगढ़:– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित कैबिनेट हॉल में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में सरकार कई अहम नीतिगत निर्णयों पर विचार कर सकती है। विशेष रूप से आगामी विधानसभा मानसून सत्र, अनुपूरक बजट और लंबे समय से लंबित नई स्थानांतरण नीति को लेकर फैसले होने की संभावना जताई जा रही है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक में 13 जुलाई से प्रस्तावित विधानसभा मानसून सत्र की रणनीति और विधायी एजेंडे को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट और विभिन्न संशोधन विधेयकों के प्रारूपों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
किसानों और खरीफ सीजन की तैयारियों पर होगी चर्चा
प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार को देखते हुए कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे। कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित होने की आशंका है।
कैबिनेट बैठक में धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बोनी, किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता तथा कृषि विभाग की तैयारियों की समीक्षा की जा सकती है। सरकार खेती-किसानी से जुड़े हालात का आकलन कर आवश्यक निर्देश जारी कर सकती है।
नई ट्रांसफर पॉलिसी पर लग सकती है मुहर
राज्य के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबे समय से नई तबादला नीति का इंतजार है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में स्थानांतरण नीति के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर तबादलों का रास्ता साफ हो जाएगा।
प्रशासनिक हलकों में इस विषय को लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है, क्योंकि नई नीति के लागू होने से विभागीय व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
विभागीय योजनाओं और नए प्रस्तावों पर भी मंथन
कैबिनेट बैठक में वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न जनहित प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। सरकार विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं को लेकर विभागीय समीक्षा भी कर सकती है।
बैठक के संभावित प्रमुख एजेंडे
विधानसभा मानसून सत्र जी 2026 की तैयारी और रणनीति
अनुपूरक बजट को मंजूरी
विभिन्न संशोधन विधेयकों पर चर्चा
नई ट्रांसफर पॉलिसी पर निर्णय
खाद-बीज उपलब्धता और खरीफ फसलों की समीक्षा
वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रस्तावों पर विचार
क्यों अहम है यह बैठक?
विधानसभा के आगामी मानसून सत्र, किसानों की चुनौतियों और प्रशासनिक फेरबदल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को देखते हुए साय सरकार की यह कैबिनेट बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में लिए गए फैसलों का असर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, कृषि क्षेत्र और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर दिखाई दे सकता है।
