बलौदाबाजार:- छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार आम लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है. अब तक प्रदेश में सुशासन तिहार के तीन चरण पूरे हुए हैं. बलौदाबाजार जिले में भी सुशासन तिहार लगातार सफलता का परचम लहरा रहा है. यहां का सकरी समाधान शिविर आम लोगों के लिए सफल साबित हो रहा है. अब तक 10 ग्राम पंचायतों के 2069 हितग्राहियों को योजनाओं का फायदा मिला है. कुल 4470 आवेदन यहां दर्ज हुए हैं.
आम जनों की समस्याओं का हो रहा समाधान: बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत सकरी में आयोजित समाधान शिविर जनकल्याण की दिशा में एक सशक्त प्रयास साबित हुआ है. इस जन समस्या समाधान शिविर में 10 ग्राम पंचायत के हजारों लोग शामिल हुए हैं. 2069 हितग्राहियों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. शिविर में कुल 4470 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 4438 मांग और 32 शिकायतें शामिल हैं.
समाधान शिविर से लोगों को फायदा: इस सकरी समाधान शिविर में सकरी, दशरमा, खम्हरिया, ठेलकी, कंजी, भरसेला, चाम्पा, पूरेना खपरी, परसाभदेर एवं रिसदा पंचायतों के ग्रामीण भारी संख्या में पहुंचे. यह शिविर न केवल शिकायतों के समाधान का मंच बना, बल्कि लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने का माध्यम भी बना. सरकार की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर वास्तविक जरूरतमंदों को फायदा पहुंचाया गया है.
कुल 2069 ग्रामीणों को फायदा मिला है. जो अलग अलग समस्या लेकर यहां पहुंचे हुए थे. शिविर में आए कुल 4470 आवेदनों में से 4438 विभिन्न मांगों से संबंधित थे, जबकि 32 आवेदन शिकायतों से जुड़े थे. संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है.
नवीन जॉब कार्ड – 3 हितग्राही
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) – 7 हितग्राही
केसीसी ऋण वितरण – 6 लाभार्थी
खाद एवं बीज वितरण – 5 किसान
माइक्रो एटीएम सुविधा – 5 ग्रामीण
स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड – 5 हितग्राही
गोदभराई (महिला कल्याण) – 5 महिलाएं
बी1/खसरा नकल – 55 आवेदक
स्वामित्व कार्ड वितरण – 55 ग्रामीण
बलौदाबाजार के अन्य विकासखंड में हुआ समाधान शिविर: बलौदाबाजार के अन्य विकास खंडों में भी समाधान शिविर सफलता पूर्वक काम कर रहा है. इसमें विकासखंड भाटापारा के सिंगारपुर, पलारी के ओड़ान और कसडोल के बल्दाकछार का समाधान शिविर शामिल है. इन सब स्थानों पर जनसुनवाई भी हुई है. लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया गया है.
जनता और प्रशासन के बीच पुल बना शिविर: सुशासन तिहार आम जनता और शासन के बीच पुल का कार्य कर रहा है. गांव के लोग खुले दिलसे अपनी समस्याओं और मांग लेकर पहुंच रहे हैं. इनके समस्याओं को अधिकारी भी तुरंत हल कर रहे हैं.
समाधान शिविर न केवल योजनाओं का वितरण है, बल्कि भरोसे का विस्तार है- हितग्राही, बलौदाबाजार
शासन जनता के द्वार वाली भावना हो रही विकसित: सुशासन तिहार के जरिए ऐसे शिविरों की स्थापना का उद्देश्य केवल योजनाओं को लागू करना नहीं है बल्कि शासन के जनता के द्वार वाली भावना को जमीनी स्तर पर उतारना है. इन शिविरों के जरिए नीति, नीयत और निष्पक्षता का मेल देखने को मिला. जिसके आधार पर योजनाएं आम लोगों तक पहुंच रही है. समाधान शिविर से यह धरातल पर सही साबित हो रहा है.