नई दिल्ली:– क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के हीरो सुपर सब मिकेल मेरिनो रहे, जिन्होंने मैदान पर उतरने के महज दो मिनट बाद विजयी गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
मेरिनो ने इस मुकाबले में गोल करने के साथ ही दो बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। वह फीफा विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट चरण के एक से अधिक मुकाबलों में सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैच जिताने वाला गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा पिछले 60 वर्षों में विश्व कप नॉकआउट मुकाबलों में 87वें मिनट के बाद दो बार विजयी गोल करने वाले भी पहले फुटबॉलर बने हैं।स्पेन ने मैच में 30वें मिनट में फैबियन रुइज के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन 41वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलेयर ने बेल्जियम के लिए बराबरी कर दी। मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी 86वें मिनट में मैदान पर आए मेरिनो ने 88वें मिनट में गोल दागकर स्पेन को 2-1 की यादगार जीत दिला दी।
इससे पहले मेरिनो ने पुर्तगाल के खिलाफ भी आखिरी मिनटों में गोल कर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम को टूर्नामेंट से बाहर किया था। अब बेल्जियम को हराकर उन्होंने केविन डी ब्रुयने का विश्व कप जीतने का सपना भी खत्म कर दिया।
