पश्चिम बंगाल:– ममता सरकार ने सभी सरकारी और ऐ़डेड स्कूलों को आदेश दिया है कि सुबह की प्रार्थना सभा में राज्य गीत गाया जाए। स्टेट सेकंड्री एजुकेशन बोर्ड ने अपर प्राइमरी औऱ सेकंड्री स्कूलों को नोटिफिकेशन जारी करके कहा है कि सुबह की सभा में ‘बांग्लार माटी. बांग्लार जल’ गीत गाना जरूरी होगी। बता दें कि इस गीत की भी रचना राष्ट्रगान के रचयिका रवींद्रनाथ टैगोर ने ही की थी
साथ में गाया जाएगा राष्ट्रगान
राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक अब सभी सरकारी और ऐडेड स्कूलों में इसे प्रार्थना संगीत के रूप में गाया जाएगा। राज्य के शिक्षा मंत्री ने भी एक्स पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। उन्होंने यह भी बताया है कि राज्य गीत के साथ राष्ट्रगान भी गाया जाएगा।
रवींद्रनाथ टैगोर ने लिखा था गीत
अंग्रेजी सरकार ने जब बंगाल के विभाजन का फैसला किया था तभी 1905 में इस फैसले का विरोध करने के लिए रवींद्रनाथ टैगोर ने यह गीत लिखा था। सितंबर 2023 में सीएम ममता बनर्जी ने नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया था और इसी में इस गीत को राज्य गीत घोषित किया गया था।
राजनीतिक दलों, नागरिकों और धार्मिक नेताओं ने भी इसका समर्थन किया था। बाद में बंगाल विधानसभा में भी इस प्रस्ताव को स्वीकार किया गया औऱ आदेश जारी किया गया था कि सरकार के सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रगान के साथ ही राज्य गीत भी गाया जाएगा।
ममता सरकार ने यह आदेश तब दिया है जबकि एसआईआर को लेकर बीजेपी और टीएमसी में ठनी हुई है। ममता बनर्जी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। ममता ने उन पर 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले ‘चुपचाप, अदृश्य तरीके से धांधली’ के लिए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को एक राजनीतिक औजार में बदलने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूचियों से एक भी पात्र मतदाता को हटाया गया तो नरेन्द्र मोदी सरकार का गिरना ‘तय’ है ।
